'क्या आप यमुना से घूंट भरेंगे...', योगी आदित्यनाथ पर अखिलेश यादव का पलटवार

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या वह अपने ही राज्य, खासतौर पर मथुरा में बहने वाली यमुना नदी का पानी पी सकते हैं.

Date Updated
फॉलो करें:

Akhilesh Yadav hit back at Yogi Adityanath: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या वह अपने ही राज्य, खासतौर पर मथुरा में बहने वाली यमुना नदी का पानी पी सकते हैं.

दरअसल, अखिलेश का यह बयान योगी आदित्यनाथ द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर यमुना की प्रदूषण स्थिति को लेकर किए गए हमले के जवाब में आया है. गुरुवार को भाजपा के चुनाव प्रचार के दौरान योगी ने केजरीवाल पर आरोप लगाया कि उन्होंने यमुना को गंदा नाला बना दिया है. उन्होंने केजरीवाल और उनकी कैबिनेट को यमुना में स्नान करने की चुनौती भी दी.

अखिलेश का पलटवार

किराड़ी में एक रैली को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर मैं मुख्यमंत्री होते हुए अपने मंत्रियों के साथ प्रयागराज के संगम में डुबकी लगा सकता हूं, तो मैं आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल से पूछना चाहता हूं कि क्या वह अपनी कैबिनेट के साथ यमुना में स्नान कर सकते हैं?

योगी आदित्यनाथ के इस बयान पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि दूसरों को चुनौती देने से पहले, लोगों को हिम्मत करनी चाहिए कि वे मथुरा से बहने वाली यमुना का पानी पीकर दिखाएं.

'नमामि गंगे' पर सवाल

योगी ने केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि उन्होंने यमुना को स्वच्छ करने के लिए केंद्र सरकार की नमामि गंगे परियोजना में सहयोग नहीं किया. उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन में संत और भक्त, यमुना के "गंदे नाले" में बदलने का खामियाजा भुगत रहे हैं. यमुना का बढ़ता प्रदूषण और उसकी सफाई के प्रयास दिल्ली में राजनीतिक मुद्दा बन चुके हैं. दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को होंगे, जबकि मतगणना 8 फरवरी को की जाएगी. 70 सीटों पर 699 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं.